◆ विजयादशमी पर्व इस बार पाली में खास रंग लेकर आने वाला है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के शुभारम्भ पर नगर की सभी 30 बस्तियों में पूर्ण गणवेश के साथ पथ संचलन निकालेगा। संघ की ओर से बताया गया कि 2 अक्टूबर से आरम्भ होने वाले इस शताब्दी वर्ष के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला तय की गई है। आइये, जानते हैं विस्तार से खबर।
◆ जिला संघचालक नेमीचंद अखावत ने जानकारी दी कि हिन्दू समाज का पुनर्जागरण ही संघ का मूल उद्देश्य रहा है और इसी दिशा में संघ लगातार अपनी शाखाओं और राष्ट्रव्यापी गतिविधियों के माध्यम से कार्यरत है। उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में स्वयंसेवक पंच परिवर्तन के संकल्प को लेकर जनजागरण करेंगे, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समता, स्वआधारित व्यवस्था, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है। साथ ही, गृह संपर्क अभियान, हिन्दू सम्मेलन, प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठी और सामाजिक सद्भाव बैठकों का भी आयोजन होगा।
◆ अखावत ने कहा कि नगर की सभी इकाइयों ने विजयादशमी पर स्थापना दिवस को अनुशासन और उत्साह के साथ मनाने की तैयारी कर ली है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि पूरे नगर को 30 बस्तियों में विभाजित कर प्रत्येक बस्ती में पहले शस्त्र पूजन किया जाएगा और उसके पश्चात घोष के ताल पर पथ संचलन निकलेगा। इन कार्यक्रमों की तिथियां 2, 5 और 12 अक्टूबर तय की गई हैं। तैयारियों के तहत प्रतिदिन शाखाओं पर अभ्यास कराया जा रहा है और बस्तियों के स्वयंसेवकों को गणवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
◆ पूर्वाभ्यास के क्रम में सोमनाथ मंदिर स्थित संघ कार्यालय से घोष का कौमुदी संचलन भी निकाला गया, जो अनुशासन और समरसता का संदेश देता हुआ शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। मशालों के साथ निकले इस संचलन में घोष और भगवा ध्वज के साथ तिरंगे की थीम पर सजी रोशनी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी। वहीं, शहर में अलग-अलग घोष केंद्रों पर स्वयंसेवकों को नियमित रूप से घोष वादन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
◆ शताब्दी वर्ष आयोजनों को लेकर स्वयंसेवक पूरे जोश और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं। शहर का वातावरण संघमय हो चुका है और जैसे ही अभ्यास संचलन गली-मोहल्लों से गुजरता है, लोग बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक उत्सुकता से निहारते हुए देशभक्ति के उद्घोष से स्वयंसेवकों का स्वागत करते हैं।
◆ KNTV के लिये पाली से महेन्द्र लखावत की रिपोर्ट
लेटेस्ट न्यूज़
बाड़मेर में पति ने किया पत्नी का निर्मम कत्ल
July 12, 2025
7:25 pm
ऑपरेशन वज्र के तहत चुरू पुलिस की बड़ी सफलता
July 5, 2025
9:22 pm
उदयपुर में जानलेवा हमला करने वाले दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
July 2, 2025
9:21 pm

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के शुभारम्भ पर निकलेगा पथ संचलन ।







Total Users : 101795
Views Today :