◆ जैसलमेर जिले के बासनपीर गांव में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। छतरियों के पुनर्निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान भड़की हिंसा में शामिल मुख्य षडयंत्रकर्ता हासमखां सहित 23 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आइये, जानते हैं विस्तार से खबर।
◆ 10 जुलाई को बासनपीर जूनी गांव में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब पुरानी छतरियों के निर्माण व मरम्मत को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया और भीड़ ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव कर जानलेवा हमला कर दिया। लाठियों से मारपीट कर राजकार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
◆ एसपी सुधीर चौधरी के निर्देशन में पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य षडयंत्रकर्ता हासमखां सहित कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि हासमखां ने जानबूझकर अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह किया और माहौल को उकसाया। इस मामले में सदर थाना प्रभारी बगडूराम और कोतवाली प्रभारी प्रेमदान ने संयुक्त रूप से अभियुक्तों की पहचान कर गिरफ्तारियां सुनिश्चित कीं।
◆ गिरफ्तार आरोपियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें हासमखां पुत्र सरादीनखां (50 वर्ष), मरवत, सुमरि, तीजा, हुरा, हसीना, ईतिया, ईस्लाम, जाकिर, बच्चें खान, सुभान, बसीर, राणे, आसीन, इमामत, मदीना, जामा, बिस्मिला, अनीमत, बिस्मिल्ला, असीयत, नजीरां और हसीना जैसे नाम शामिल हैं। अधिकांश आरोपी बासनपीर जूनी के निवासी हैं जबकि एक आरोपी फलोदी के भोजाकोर गांव से है।
◆ पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ भी जारी है। वृताधिकारी रूपसिंह ईन्दा के नेतृत्व में गठित टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
◆ News24 Xpress के लिये जैसलमेर से कार्यालय संवाददाता की रिपोर्ट।








Total Users : 101795
Views Today :