◆ बाड़मेर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्स ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपनी पत्नी का निर्मम क़त्ल कर दिया। आरोपी ने पत्नी की गर्दन तलवार से काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आइये, जानते हैं विस्तार से खबर।
◆ जानकारी के मुताबिक, यह भयावह वारदात बाड़मेर के गिराब थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी मोइम खान ने कुछ समय से पत्नी रहमत के साथ चल रहे विवाद से छुटकारा पाने के लिए पत्नी की हत्या की योजना बना डाली। पुलिस के अनुसार आरोपी 8 जुलाई को सिरोही गया और वहां से तलवार खरीदकर लाया। 10 जुलाई की रात करीब 3 बजे जब पत्नी चारपाई पर सो रही थी, तब उसने तलवार से वार कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
◆ 11 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे जब रहमत की आठ वर्षीय बेटी की नींद खुली, तो उसने मां को लहूलुहान हालत में देखा। मां की हालत देखकर उसकी चीख निकल गई। बेटी की आवाज सुनकर परिजन और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। गिराब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गडरा रोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
◆ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मोइम खान को जोधपुर भागने से पहले शिव क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ मृतका के भाई रज्जब अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें आरोपी के अलावा मोइम के भाई जमीन खान और इमाम खान के खिलाफ भी हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मोइम खान को शुक्रवार रात करीब 10 बजे गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
◆ पुलिस जांच में सामने आया है कि मोइम खान पिछले 15 दिन से काम पर नहीं जा रहा था और शकी मिजाज का व्यक्ति था। वह रहमत पर शक करता था, जिसके चलते अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। वह पेशे से बिल्डिंग कारीगर है और एक दिन के काम के लिए 1500 रुपए तक चार्ज करता है।
◆ इस दिल दहला देने वाले अपराध ने रहमत के तीन मासूम बच्चों से मां का साया छीन लिया है। सबसे बड़ा बेटा 13 वर्ष का है, दूसरा बेटा 10 वर्ष और बेटी मात्र 8 वर्ष की है, जिसने मां की दर्दनाक मौत अपनी आंखों से देखी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्नी पर उसका शक किस तरह का था।
◆ KNTV के लिये बाड़मेर से कार्यालय संवाददाता की रिपोर्ट।








Total Users : 101795
Views Today :