Explore

Search
Close this search box.

Search

April 17, 2026 3:28 pm

पाली में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का विशेष जागरूकता कार्यशाला के साथ समापन ।

◆ पाली में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का समापन एक विशेष जागरूकता कार्यशाला के साथ हुआ। ए.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को नेत्रदान की बारीकियों से अवगत कराना और आमजन को इसके महत्व के बारे में जागरूक करना रहा। आइये, जानते हैं विस्तार से खबर।

◆ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, पाली चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत 40वें नेत्रदान पखवाड़े पर प्रशिक्षणार्थियों को विशेषज्ञों द्वारा संपूर्ण प्रक्रिया समझाई गई, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में समाज को नेत्रदान के लिए प्रेरित कर सकें।

◆ इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. आर.के. गर्ग ने बताया कि नेत्रदान सभी धर्मों में स्वीकार्य है और मृत्यु के उपरांत ही संभव होता है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो नेत्रहीनों को रोशनी मिल सकती है। वहीं, नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. विपुल नागर ने बताया कि मोतियाबिंद ऑपरेशन, चश्मा, मधुमेह या उच्च रक्तचाप जैसे रोग होने पर भी मृत्योपरांत नेत्रदान किया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को नेत्रदान की शपथ भी दिलवाई।

◆ कार्यशाला में ए.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने स्पष्ट किया कि नेत्रदान मृत्यु के छह से आठ घंटे के भीतर किया जाना आवश्यक है और इसके लिए शव को कहीं ले जाने की आवश्यकता नहीं होती। केवल आंख की पारदर्शी झिल्ली यानी कॉर्निया निकाली जाती है, जिससे शव में कोई विकृति नहीं आती।

◆ आई बैंक सोसायटी, पाली चैप्टर के सचिव केवल चंद कवाड़ ने बताया कि नेत्रदान की पूरी प्रक्रिया केवल 15 से 20 मिनट में पूरी हो जाती है। परिवारजन शव की आंखों पर गीली पट्टी रखें और पंखा बंद रखें, ताकि कॉर्निया सुरक्षित रहे। संस्था के अध्यक्ष हुकमी चंद मेहता ने बताया कि नेत्रदान संबंधी सूचना सीधे बांगड़ चिकित्सालय परिसर स्थित कार्यालय या फोन नंबर 9252066000 तथा 9414123335 पर दी जा सकती है।

◆ कार्यक्रम में डॉ. सुनैना हटेला, डॉ. मुकेश गोदारा, डॉ. सुभाष सैनी सहित कई चिकित्सक, प्रशिक्षक और लगभग 140 प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

◆ KNTV कार्यालय संवाददाता की रिपोर्ट

News 24 Xpress
Author: News 24 Xpress

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
Infoverse Academy
error: Content is protected !!